Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर उपायुक्त ने की जिला स्तरीय बैठक

पर्व-त्योहारों के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, प्रकाश, विधि-व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित करने को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

0 5

गिरिडीह। दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, पूजा स्थलों एवं छठ घाटों पर आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर प्रमिला मेहरा, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मुख्य रूप से पर्व-त्योहारों के दौरान जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विभागवार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

sawad sansar

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा जिले के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की आवाजाही होती है। ऐसे में प्रशासन का दायित्व है कि लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के सभी प्रमुख पूजा पंडालों, पूजा स्थलों एवं छठ घाटों का संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण करने का निर्देश दिया। ताकि संभावित समस्याओं को पहले से चिन्हित कर उनका समाधान किया जा सकें। उन्होंने पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने नगर निगम एवं संबंधित निकायों को पर्व-त्योहारों के मद्देनजर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। छठ पूजा को लेकर उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को छठ घाटों का पूर्व निरीक्षण कर घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चेंजिंग रूम सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया।

नगर क्षेत्र में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर महापौर गंभीर, दिए आवश्यक निर्देश

बैठक के दौरान महापौर प्रमिला मेहरा ने नगर निगम क्षेत्र में दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रमुख पूजा स्थलों एवं पंडालों के आसपास नियमित सफाई, कचरे का त्वरित उठाव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने पर बल दिया।

सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने दिए दिए दिशा-निर्देश

पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक यातायात प्रबंधन एवं रूट प्लान तैयार करने पर बल दिया। पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने, आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी रखने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.