गिरिडीह पहुंची विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
उपायुक्त ने समिति के अध्यक्ष का किया स्वागत, डीडीसी ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति से कराया अवगत

गिरिडीह। झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष-सह-देवघर विधायक सुरेश पासवान सहित समिति के अन्य सदस्य शनिवार को गिरिडीह पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी एवं नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
नया परिसदन भवन में समिति की आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं, विधानसभा के अनागत प्रश्नों के निष्पादन तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।


समीक्षा बैठक के दौरान समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में और अधिक तेजी लाई जाए तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने विधानसभा के अनागत प्रश्नों का समयबद्ध एवं तथ्यपरक निष्पादन सुनिश्चित करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।
बैठक में डीडीसी स्मृता कुमारी ने समिति के समक्ष जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि जिला प्रशासन सभी योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सतत प्रयासरत है। कहा कि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

