गिरिडीह के संतोष तिवारी बने झारखंड अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के मैनेजर
9 से 16 अक्टूबर तक बेंगलुरु में होने वाले मुकाबलों के लिए टीम के साथ रवाना, चयन से जीडीसीए पदाधिकारियों सहित जिले के खिलाड़ियों में हर्ष

गिरिडीह। गिरिडीह के लिए गर्व की खबर है। जिले के संतोष तिवारी का चयन झारखंड अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के मैनेजर के रूप में हुआ है। टीम आगामी 9 से 16 अक्टूबर तक बेंगलुरु में होने वाले मुकाबलों में हिस्सा लेगी। टीम के साथ संतोष तिवारी मंगलवार को रांची एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए रवाना हुए। उनके चयन की खबर से गिरिडीह के खेल प्रेमियों और क्रिकेट से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है।
संतोष तिवारी को खेल क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहने के साथ खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए भी जाना जाता है। उनके समर्थकों का कहना है कि मैनेजर के रूप में झारखंड की महिला क्रिकेट टीम के साथ उनकी भूमिका जिले के लिए गौरव की बात है।


संतोष तिवारी के चयन को गिरिडीह की खेल प्रतिभाओं और खेल से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। जीडीसीए के अध्यक्ष पवन मिश्रा, उपाध्यक्ष रंजीत राय, बबलू शर्मा, रमेश यादव, भरत मिश्रा, विकास सिन्हा, सयुक्त सचिव आलोक रंजन, रंजीत यादव, नवीन सिन्हा के अलावे माले के राजेश सिन्हा और रोटेरियन डॉ तारकनाथ देव ने हर्ष व्यक्त करते हुए टीम के बेहतर प्रदर्शन और संतोष तिवारी के सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

