निमियाघाट में संदिग्ध अवस्था में मिली विवाहिता की लाश, जांच में जुटी पुलिस मायके वालों ने पति सहित ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

गिरिडीह। जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव रेलवे ट्रेक के पास पाया गया है। मृतका की पहचान गट्टीगढ़ा गांव निवासी महेश ठाकुर की पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। हलांकि मृतका के मायके पक्ष वालों ने पति महेश ठाकुर समेत ससुरालों पर दहेज की खातिर किरण की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि किरण देवी को तीन साल का एक बच्चा भी है। मायके पक्ष के अनुसार, किरण की शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके पति महेश ठाकुर का उसकी चचेरी भाभी के साथ कथित अवैध संबंध है, जिसका किरण हमेशा विरोध करती थी, परिणाम स्वरूप अक्सर विवाद बढ़ जाता था। परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर किरण के साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या कर रेलवे ट्रैक के पास शव को फेंक दिया गया।


घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग निमियाघाट थाना पहुंचे और आवेदन देकर पति समेत ससुरालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी पति समेत परिवार के अन्य सदस्य घर से फरार हैं। मृतका के मामा पंकज शर्मा ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

