Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

एसआईआर का जायजा लेने निकले डीसी रामनिवास यादव, बूथ स्तर पर जाकर लिया कार्यों का जायजा

समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर दिया जोर, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

0 29

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश झारखंड में हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार सुबह विभिन्न मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान हो रही हल्की बारिश के बावजूद उन्होंने गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 18, 19 सहित डोर टू डोर भ्रमण कर अभियान के तहत संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गणना प्रपत्रों (Enumeration Forms) के घर-घर वितरण, प्रपत्रों के संग्रहण, दस्तावेजों के सत्यापन तथा डिजिटाइजेशन की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न बूथों पर कार्यरत बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं वॉलिंटियर्स से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा कार्य निष्पादन की गुणवत्ता की समीक्षा की।

sawad sansar

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इसलिए प्रत्येक स्तर पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन होना चाहिए। गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण में किसी भी पात्र मतदाता की उपेक्षा न हो तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी बीएलओ एवं वॉलिंटियर्स को निर्देशित किया कि क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाते हुए सभी पात्र मतदाताओं का गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरवाया जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता, सतत निगरानी एवं बेहतर समन्वय पर निर्भर है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करते हुए अभियान की प्रगति की समीक्षा करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें तथा प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाएं। कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.