इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स ने हरिचक और मोसाबादी गांव में चलाया स्वच्छता अभियान
सार्वजनिक कुओं में ब्लिचिंग छिड़काव के साथ ही लोगों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किया जागरूक

गिरिडीह। इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स के द्वारा हरिचक एवं मोसाबदी गांव में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर तीन जनहितकारी परियोजनाओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान हरिचक गांव के दो सार्वजनिक कुओं व मोसाबदी गांव के दो सार्वजनिक कुओं में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया, ताकि वर्षा ऋतु में जलजनित बीमारियों की रोकथाम की जा सके। साथ ही ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया, डायरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए तथा आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित रूप से फिनाइल एवं ब्लीचिंग पाउडर के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही मोसाबदी प्राथमिक विद्यालय के कक्षा 7 एवं 8 के लगभग 40 विद्यार्थियों और 10 शिक्षकों के साथ स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव, पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षों के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सीड बॉल्स तथा शिक्षकों एवं चयनित विद्यार्थियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।


मौके पर क्लब की अध्यक्षा प्रीति भास्कर एवं सचिव नमिता वर्मा ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

