आईएमए गिरिडीह ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर किया निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन
200 से अधिक मरीजो को मिला लाभ, दी गई निःशुल्क दवाईयां

गिरिडीह। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के मौके पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गिरिडीह इकाई के द्वारा बुधवार को डॉ. आई. अहमद मेमोरियल आईएमए भवन में एक निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, डॉ. एस.के. डोकानिया, डॉ. रियाज अहमद एवं डॉ. रेखा झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शिविर में लगभग 200 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार किया गया। इस दौरान मेडिसिन, जनरल सर्जरी, अस्थि रोग (ऑर्थाेपेडिक्स), स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया। साथ ही सभी जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
मौके पर उपस्थित अतिथियों ने आईएमए गिरिडीह की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सकों का दायित्व केवल रोगों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना भी है। ऐसे चिकित्सा शिविर समाज के प्रति चिकित्सकों की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।


शिविर को सफल बनाने व योगदान देने में प्रमुख चिकित्सकों में डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, डॉ. एस.के. डोकानिया, डॉ. रियाज अहमद, डॉ. रितेश सिन्हा, डॉ. एम.डी. आज़ाद, डॉ. श्यामल कुमार, डॉ. वर्षा भारती, डॉ. उत्तम जलान, डॉ. मनीषा जलान, डॉ. संजीव एच. कुमार, डॉ. नूतन लाल, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. रेखा झा, डॉ. आसिफ नज़र, डॉ. राम रतन केडिया, डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. शशि भूषण एवं डॉ. अरविंद कुमार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

