Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे दंपत्ति पर किया हमला, पति की मौत

गंभीर रूप से घायल पत्नी धनबाद रेफर, जांच में जुटी मधुबन पुलिस

0 51

 

गिरिडीह। पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दलानचलखरी गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात हमलावरों ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम देते हुए घर में सो रहे 35 वर्षीय पतिया हांसदा की हत्या कर दी। जबकि उसकी पत्नी परनी देवी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय पति-पत्नी घर में अकेले सो रहे थे। देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें पतिया हांसदा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि परनी देवी को गंभीर चोटें आई हैं। पड़ोसियों ने बताया कि बुधवार की सुबह जब घर का दरवाजा खुला देखा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। परनी देवी खून से लथपथ बेहोश पड़ी थी, जबकि पतिया हांसदा का शव बिस्तर पर पड़ा था।

sawad sansar

ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी मधुबन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल परनी देवी को इलाज के लिए मधुबन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने परनी देवी की स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

इधर मधुबन पुलिस ने पतिया के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई है। मामले को लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। लेकिन हत्या क्यों और किसने की है इसकी जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.