Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

लोगों के स्वास्थ्य को लेकर जिला प्रशासन गंभीर, डीसी ने फूड सेफ्टी व्हीकल को किया रवाना

ठेला-खोमचा पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की होगी नियमित जांच, लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं: राम निवास यादव

0 28

गिरिडीह। लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा एवं सुरक्षित व स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को फूड सेफ्टी व्हीकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बताया गया कि इस विशेष फूड सेफ्टी व्हीकल के माध्यम से जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित ठेला, खोमचा तथा सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाएगी। विशेष रूप से गुपचुप, पानीपुरी, चाट, छोला, फास्ट फूड एवं अन्य खुले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन बड़ी संख्या में बच्चे, युवा एवं आम नागरिक करते हैं। ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की जांच करें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी व्हीकल आधुनिक जांच उपकरणों से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से मौके पर ही कई खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच की जा सकेगी, जिससे मिलावटी खाद्य सामग्री की पहचान आसानी से हो सकेगी।

sawad sansar

वहीं सिविल सर्जन, डॉ बच्चा प्रसाद सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में खुले एवं दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग एवं अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यह अभियान लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.