Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

बगोदर में हुए मिथिलेश यादव हत्याकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, रिंकु होटल के मालिक व स्टाफ को किया गिरफ्तार

बीयर पीने के बाद पैसे नही देने को लेकर हुई थी नोक झोंक, होटल मालिक ने मिथिलेश पर टांगी और सब्बल से किया था हमला

0 9

गिरिडीह। बीते दिनों बगोदर थाना क्षेत्र में हुए राजनीतिक दल से जुड़े नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव की हत्या मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने रिंकु होटल के मालिक महेश रजक और उसके स्टाफ सीमा ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में हुए विवाद और पूर्व के विवाद की रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त टांगी और सब्बल समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

जिले के पुलिस कप्तान डॉ बिमल कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि 14 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली थी कि बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला निवासी करीब 27 वर्षीय मिथिलेश यादव की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की त्वरित जांच के लिए बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई और मृतक के भाई अशोक यादव के आवेदन के आधार पर बगोदर थाना कांड संख्या 161/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 को संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

sawad sansar

जांच के क्रम में पुलिस ने महेश रजक और सीमा ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि 13 और 14 अगस्त की रात करीब 1.45 बजे मिथिलेश यादव शराब के नशे में घाघरा स्थित रिंकू होटल पहुंचा था। वहां उसने पहले बीयर पी और फिर एक ओर बीयर की मांग की। इसी दौरान होटल संचालक के साथ भुगतान को लेकर विवाद हुआ। मिथिलेश ने होटल के क्यूआर कोड की तस्वीर अपने मित्र को भेजकर पैसे मंगाने का प्रयास किया, लेकिन होटल के खाते में पैसे नहीं आने के कारण होटल मालिक और स्टाफ ने बीयर देने से इनकार कर दिया। इसके बाद मिथिलेश के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई।

बताया कि होटल मालिक महेश रजक पहले भी मिथिलेश के साथ मुफ्त बीयर पीने को लेकर हुए विवाद से नाराज था। 14 अगस्त की रात करीब दो बजे मिथिलेश के अकेले और अत्यधिक नशे में होने का फायदा उठाकर महेश रजक और होटल स्टाफ सीमा ठाकुर ने उसका पीछा किया और कदमा मंदिर के पास नशे में धुत् मिथिलेश पर टांगी और सब्बल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक मिथिलेश की मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर शव को सड़क पर लिटा दिया गया।

जांच टीम में बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम, सरिया अंचल के पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार, अनुसंधान विंग के ज्ञान रंजन कुमार, बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.