नगर भवन में हुआ दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन, कई कंपनियों ने लिया हिस्सा
67 अभ्यार्थियों का चयन करते हुए दिया गया ऑफर लेटर

गिरिडीह। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा मंगलवार को नगर भवन में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी अनुमण्डल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुटे, जिला नियोजन पदाधिकारी मो० इमरान फारूकी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया।



रोजगार मेला में काफी संख्या में शिक्षित बेरोजगार युवक/युवतियों ने भाग लिया। वहीं मेला में आए UTKARSH SMALL FINANCE BANK, Ranchi, BIRSA SUPER SECURITY SOLUTION PVT LTD Giridih, BHARAT FINANCIAL INCLUSION LTD Giridih & Ranchi, JANLAN AUTOLINK PVT LTD, SHAURYA HONDA Giridih, LINQUEST GLOBAL CONSULTING PVT LTD – Kolkata, YUVA SHAKTI FOUNDATION, Noida, Uttar Pardesh द्वारा कुल 67 अभ्यार्थियों का चयन करते हुए ऑफर लेटर प्रदान किया गया। इस दौरान 11 नियोजकों द्वारा कुल 199 अभ्यार्थियों को शॉर्ट लिस्टेड किया गया है।

मौके पर डीडीसी स्मृता कुमारी ने कहा कि गिरिडीह जिले के युवाओं को बेहतर से बेहतर रोजगार के विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस मेला का आयोजन किया गया था। ताकि जिले में बड़ी-बड़ी कंपनियों के द्वारा जिले के युवाओं को चिन्हित कर रोजगार मुहैया कराया जा सके। जिससे कि उनका भविष्य बेहतर हो सके। कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का मनोबल बढ़ेगा और उनको रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा। कहा कि जिला प्रशासन द्वारा रोजगार मेला से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन समय-समय पर किया जाता है ताकि जिले के हुनरमंद युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किया जा सके।
जिला नियोजन पदाधिकारी मो० इमरान फारूकी कहा कि रोजगार मेला में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं स्थानीय युवक-युवतियों के द्वारा विशेष रुची दिखाई गई। कहा कि बेरोजगारों के हित में भविष्य में भी रोजगार मेला का आयोजन किया जायेगा।
