गिरिडीह में बिजली-पानी संकट को लेकर भाजपा का उग्र प्रदर्शन, हेमंत सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार और नाकामी के आरोप
कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, कहा- समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

भीषण गर्मी के बीच गिरिडीह शहर में बिजली और पेयजल संकट को लेकर सोमवार को भाजपा ने जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश नेता श्रवण सिंह, कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव, महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा समेत जिला, मंडल और पंचायत स्तर के सैकड़ों भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने शहर में मार्च निकालते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली-पानी की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में बिजली और पेयजल की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, जबकि सरकार और प्रशासन इस ओर गंभीर नहीं दिख रहे हैं।


भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रचंड गर्मी में आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है और बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने जल जीवन मिशन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। नेताओं ने दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के लिए भेजे गए 6207 करोड़ रुपये के फंड का सही उपयोग नहीं हुआ और आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी 6 मई से 12 मई तक पूरे राज्य में प्रमंडलवार आंदोलन चला रही है और गिरिडीह का प्रदर्शन भी उसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द बिजली और पानी की समस्या का समाधान नहीं करती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मौके पर भाजपा नेता सुरेश साव, दिलीप वर्मा, दिनेश यादव, विनय सिंह, नवीन सिन्हा, मुकेश जलान, संदीप दंगाइच, मनोज सिंह, कामेश्वर पासवान, हरबिंदर सिंह बग्गा, सिंकू सिन्हा, मनोज संघई, यदुनंदन पाठक, अजय रंजन सिंह, सुरेश मंडल, रंजीत बरनवाल, संजीव सिंह, कुंदन सिंह, सिकंदर हेंब्रम, मनीष कुमार, महिला नेत्री शालिनी वैश्कियार, ऊषा कुमारी, जिप अध्यक्ष मुनिया देवी, संगीता सेठ समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे
