गिरिडीह प्रवास के दौरान पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने पीरटांड़ मंडल कमिटी के साथ की बैठक
बुथ संख्या 292 के सभी सदस्यों व कार्यकर्ताओं के साथ सुनी प्रधानमंत्री की “मन की बात” कहा प्रदेश की झामुमो सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए बूथ स्तर तक संघर्ष तेज करें कार्यकर्ता: सुनील सोरेन

गिरिडीह। भाजपा गिरिडीह महानगर के प्रवास कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदेश उपाध्यक्ष सह दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने पीरटांड़ मंडल कमिटी के कुम्हारलालो में बैठक की। मंडल अध्यक्ष अजय सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय, जिला महामंत्री संदीप डैंगईच, जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्याम प्रसाद, ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता ई. विनय सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री संजीव कुमार गुड्डू, शरद कुमार भक्त सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।



बैठक से पूर्व पीरटांड़ मंडल के चंपानगर ग्राम स्थित बूथ संख्या-292 पर जिला महामंत्री सिकन्दर हेम्ब्रम के आवास पर बुथ संख्या 292 के सभी सदस्यों व कार्यकर्ताओं के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “मन की बात” को श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक अनूठा संवाद है। मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री जी समाज के प्रेरणादायक व्यक्तित्वों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, नवाचार और भारतीय संस्कृति जैसे विषयों को जन-जन तक पहुँचाकर देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इधर बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने मंडल पदाधिकारियों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों से कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना सभी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। कहा कि जब पार्टी के सभी कार्यक्रम गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुँचेंगे तभी आने वाले दिनों में प्रदेश की भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकना संभव हो पायेगा। कहा कि भाजपा ने झारखंड राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अब पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रदेश के समग्र विकास के लिए जन-जन के बीच कार्य करना होगा। कहा कि वर्तमान सरकार में आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के साथ मजबूती से खड़ा रहने की आवश्यकता है। साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की जिम्मेवारी उठानी होगी।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि गिरिडीह महानगर जिला के सभी मंडलों के कार्यकर्ता एकजुट होकर निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में भी सभी मिलकर संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाएंगे और एक एक व्यक्ति तक पहुंचने का काम करेंगे।
बैठक में अरविन्दचंद्र राय, बालेश्वर यादव, पंचम सिंह, उमेश सिंह, मनोज पंडित, सुभाष बरनवाल, अरविन्द बरनवाल, सुरेंद्र शर्मा, ईश्वर हांसदा, रवि मरांडी, बिनोद मुर्मू, संजय सोरेन, हमिन्दर सिंह बग्गा, बासुदेव चंद्रवंशी सहित काफी संख्या में भाजपाई उपस्थित थे।

