गिरिडीह डीसी की पहल: लोगों को अब ड्राइविंग लाइसेंस के लिए नही लगाना होगा मुख्यालय का चक्कर
जिले के सभी प्रखंडों में होगा दो-दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन, लोगों को लाइसेंस बनाने में होगी सुविधा एक जुलाई से 13 अगस्त तक सभी 13 प्रखंडों में लगाया जायेगा विशेष कैंप, आवेदन से लेकर ड्राइविंग टेस्ट एवं मेडिकल जांच तक की होगी व्यवस्था

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर अब आम लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सेवाएं उनके प्रखंड स्तर पर ही उपलब्ध कराया जायेगा। इस क्रम में परिवहन सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी 13 प्रखंडों में विशेष दो-दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी पात्र युवाओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने-अपने प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कैंप में पहुंचकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पूरी करें तथा जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस महत्वपूर्ण सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इसका लाभ उठा सकें। इसके अतिरिक्त सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कैंप के दौरान आवेदकों के ब्लड ग्रुप परीक्षण एवं शारीरिक फिटनेस प्रमाण-पत्र निर्गत करने हेतु आवश्यक लैब तकनीशियन एवं एमबीबीएस चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि आवेदकों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।


इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने विस्तृत कार्यक्रम जारी कर बताया कि प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में दो दिनों तक प्रातः 11 बजे से 3 बजे तक कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप के दौरान नए ड्राइविंग लाइसेंस हेतु आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन प्रक्रिया, ड्राइविंग टेस्ट एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी। बताया कि बेंगाबाद में 01 एवं 02 जुलाई, जमुआ में 04 एवं 06 जुलाई, तिसरी में 08 एवं 09 जुलाई, देवरी में 10 एवं 11 जुलाई, गावां में 14 एवं 15 जुलाई, धनवार में 17 एवं 18 जुलाई, गिरिडीह सदर में 21 एवं 22 जुलाई, पीरटांड़ में 24 एवं 25 जुलाई, डुमरी में 27 एवं 28 जुलाई, बगोदर में 31 जुलाई एवं 01 अगस्त, बिरनी में 04 एवं 05 अगस्त, सरिया में 07 एवं 08 अगस्त तथा गांडेय में 12 एवं 13 अगस्त को संबंधित प्रखंड परिसर में कैंप का आयोजन किया जायेगा।

