Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

साइकिल सवार सब्जी विक्रेता को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

0 24

गिरिडीह। जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह भंडारो मोड़ के समीप बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में सब्जी विक्रेता 60 वर्षीय मोहम्मद असगर अंसारी की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।

जानकारी के अनुसार बरवाडीह निवासी मोहम्मद असगर अंसारी प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह साइकिल से सब्जी बेचने के लिए निकले थे। इसी दौरान पाण्डेयडीह भंडारो मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

sawad sansar

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हीरोडीह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल असगर अंसारी को इलाज के लिए जमुआ अस्पताल भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन गिरिडीह पहुंचने से पूर्व ही उनकी मौत हो गई।

इधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटना के जिम्मेदार अज्ञात वाहन और उसके चालक की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि असगर अंसारी मेहनत-मजदूरी कर और साइकिल से सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

इधर मामले की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी वाहन की पहचान तथा आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। फिलहाल हीरोडीह थाना पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.