संदिग्ध हालत में हुई श्रीकांत नामाक युवक की मौत, घर से कुछ दूर खेत के पास तड़पते मिला युवक
दो अज्ञात लोगों ने जबरदस्ती खिलाया टैबलेट, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जाँच में जुटी पुलिस

गिरिडीह। जमुआ थाना क्षेत्र के धर्मपुर पंचायत अंतर्गत पाराखारो गांव में एक युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बालेश्वर राणा के पुत्र श्रीकांत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, श्रीकांत घर से करीब 500 मीटर दूर आम बगान के पास संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। पशु चराने जा रही गांव की दो महिलाओं ने उसे जमीन पर तड़पते और कराहते देखा। महिलाओं के अनुसार श्रीकांत ने तड़पते हुए बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे जबरन टैबलेट खिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसने घरवालों को बुलाने की बात कही।



घटना की सूचना मिलते ही धर्मपुर मुखिया के पुत्र सुशील कुमार हाजरा उसे तुरंत वाहन से लेकर जमुआ अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह रेफर कर दिया, लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। परिजन सहित ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है। जमुआ पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पायेगा।
