विभिन्न मांगों को लेकर पीडीएस संचालकों ने किया प्रदर्शन, डीसी को सोंपा सात सूत्री मांग पत्र मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी

गिरिडीह। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन के आह्वान पर मंगलवार को गिरिडीह के पीडीएस सेंटर संचालकों ने आंदोलन को ओर तेज करते हुए समाहरणालय के समक्ष धरना दिया। विभिन्न मांगों को लेकर संघ के बैनर तले काफी संख्या में पीडीएस संचालक धरना में शामिल हुए और हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर पदयात्रा निकाली। पदयात्रा करते हुए सभी संचालक समाहरणालय के समख पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ का एक शिष्टमंडल उपायुक्त रामनिवास यादव से मिलकर सात सूत्री मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र के माध्यम से पीडीएस संचालकों ने सभी प्रकार के लंबित कमीशन का भुगतान, राशन डीलरों के लिए न्यूनतम 50 हजार रुपये मासिक आय की गारंटी, पेपरलेस व्यवस्था को लेकर पत्र निर्गत करने, रिपेयरिंग के नाम पर डीलरों के कथित दोहन पर रोक लगाने, गीता मेटल को ब्लैकलिस्ट करने तथा दुकानों तक खाद्यान्न कम से कम एक माह पहले पहुंचाने की मांग की।


संघ के जिला अध्यक्ष राजेश बंसल ने कहा कि कमीशन का भुगतान लंबे समय से लंबित रहने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है। उनका तर्क है कि जब जन वितरण प्रणाली पूरी तरह ऑनलाइन हो चुकी है, तो खाता-बही और अनावश्यक कागजी प्रक्रिया का दबाव उचित नहीं है। डीलरों ने ऑनलाइन व्यवस्था के अनुरूप कागजी प्रक्रिया को कम करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो जिलेभर के पीडीएस डीलर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
धरना और पदयात्रा में हरिमोहन कन्धे, अमित कुमार, राम रतन राम, कृष्णानंद सिंह, दीपक पांडे, राजेश राज, केदार बरनवाल, निशा सिंह, बबलू साव, शीला वर्मा, सोनाली किस्कू समेत काफी संख्या में पीडीएस संचालक मौजूद थे।

