Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, डीसी और एसपी ने विभिन्न अनुमंडलों का किया दौरा

दोनों समुदाय के लोगों से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मुहर्रम मनाने की की अपील

0 57

गिरिडीह। मुहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। डीसी व एसपी के द्वारा शांति समिति की बैठक कर जहां अधिकारियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया है। वहीं लोगों से भी शांति और आपसी भाई चारे के साथ मुहर्रम का त्यौहार मनाने की अपील की है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार खोरीमहुआ अनुमंडल, बगोदर-सरिया अनुमंडल, डुमरी अनुमंडल तथा सदर अनुमंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों का संयुक्त दौरा कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ताजिया कमेटियों, धार्मिक नेताओं एवं दोनों समुदायों के लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मुहर्रम पर्व को परंपरागत, शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने अथवा अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

sawad sansar

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने ताजिया समितियों एवं आयोजनकर्ताओं से निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी ताजिया पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही बनाए जाएं तथा जुलूस प्रशासन द्वारा स्वीकृत मार्गों से ही निकाले। कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की हरकत अथवा भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कहा कि गिरिडीह की पहचान आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द की रही है। इस विरासत को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि मुहर्रम के दौरान सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें तथा किसी भी संदेश को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.