Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

पीएम श्री स्कूल धनयडीह में हुई चोरी, प्रोजेक्टर-लैब उपकरण समेत हजारों की संपत्ति गायब

0 7

गिरिडीह। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित धनयडीह के पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय में हुई चोरी की घटना ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने नए स्कूल भवन के कई कमरों के ताले और दरवाजे तोड़कर प्रोजेक्टर, साउंड सिस्टम, प्रयोगशाला के उपकरण समेत हजारों रुपये मूल्य की शैक्षणिक सामग्री चोरी कर ली।

विद्यालय के प्राचार्य भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि 13 जुलाई को विद्यालय बंद कर सभी कमरों में ताला लगाया गया था। मंगलवार सुबह करीब 5ः15 बजे विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने मुख्य गेट का ताला टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद विद्यालय पहुंचकर जांच की गई तो कार्यालय, पुस्तकालय और प्रयोगशाला सहित कई कमरों के ताले टूटे मिले।

sawad sansar

निरीक्षण में विद्यालय से साउंड बॉक्स, माइक्रोफोन, प्रोजेक्टर का यूपीएस, प्रयोगशाला के उपकरण, तीन पंखे और अन्य शैक्षणिक सामग्री गायब मिली। वहीं कई सामानों को क्षतिग्रस्त भी किया गया है। इस घटना से विद्यालय को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित होने की आशंका है।

चोरी की घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दे दी गई है। साथ ही विद्यालय प्रशासन सीसीटीवी फुटेज और शिक्षकों के बयान जुटाकर पुलिस को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा है।
इधर स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां देखी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।

पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं विद्यालय प्रशासन ने चोरी गए उपकरणों की शीघ्र व्यवस्था कराने और विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.