Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

बीपीएससी में सफलता हासिल कर गिरिडीह के पंकज बीडीओ और श्रद्धा बनी सप्लाई इंस्पेक्टर

घर लौटने पर मुहल्लेवासियों ने पंकज का किया स्वागत, माहुरी वैश्य महामंडल ने श्रद्धा किया सम्मानित

0 18

गिरिडीह। बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में गिरिडीह जिले के कई मेधावी प्रतिभागियों ने सफलता हासिल कर जिले का नाम रौशन किया है। परीक्षा परिणाम आने के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों के सफल प्रतिभागियों को विभाग मिलने के बाद जहां परिजनों में हर्ष है, वहीं सामाजिक स्तर पर सम्मानित करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को शहर के मोहलीचूँआ निवासी बिंदा पासवान के पुत्र पंकज कुमार के बीपीएससी की परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रखंड विकास पदाधिकारी बनने पर मोहल्ले वासियों ने पूरी गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया और फूल माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। पंकज कुमार के पिता बिंदा पासवान गिरिडीह सिविल कोर्ट से सेवानिवृत्त हुए हैं। पंकज खुद पटना हाईकोर्ट में काम करते थे। नौकरी करते हुए उन्होंने बीपीएससी की तैयारी की और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। बीडीओ बनने की खबर मिलते ही माता-पिता समेत पूरे परिवार और मोहल्लेवासियों में हर्ष का माहौल है। मौके पर गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि गुड्डू यादव, रोहन सिंह, मोहन पासी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


इधर माहुरी छात्रवास सह मथुरासिनी मंदिर प्रांगण में माहुरी वैश्य महामंडल द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बीपीएससी की परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए सप्लाई इंस्पेक्टर (आपूर्ति निरीक्षक) के पद पर चयनीत हुई समाज की छात्रा श्रद्धा कुमारी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा कुमारी को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। श्रद्धा कुमारी मूल रूप से गाण्डेय की निवासी हैं और वर्तमान में उनका परिवार गिरिडीह के नगीना सिंह रोड में रहता है। उनके पिता प्रदीप कुमार सीसीएल, बनियाडीह में एक प्रतिष्ठित सिविल ठेकेदार और सामान्य ऑर्डर आपूर्तिकर्ता हैं। साथ ही वे माहुरी वैश्य महामंडल, गिरिडीह में संगठन मंत्री के रूप में समाज को अपनी सेवा दे रहे हैं। मौके पर माहुरी वैश्य महामंडल के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, वरीय उपाध्यक्ष प्रकाश सेठ, उपाध्यक्ष सह उप महापौर सुमित कुमार, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेंद्र तर्वे, महामंत्री उमाशंकर चरण पहाड़ी, शिक्षा मंत्री प्रमोद कुमार, धर्म संचार मंत्री कंचन एकघरा, जनसंपर्क पदाधिकारी अनुज सेठ और मनीष आकाश ने श्रद्धा का सम्मानित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.