पुलिसकर्मी बनकर महिला से 3.5 लाख के जेवरात की ठगी
मारपीट की घटना का डर दिखाकर उतरवाए गहने, कागज की पुड़िया थमाकर फरार हुए चार अपराधी

गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में सोमवार को बाइक सवार चार अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात ठग लिए। अपराधियों ने इलाके में मारपीट की घटना होने का हवाला देते हुए सुरक्षा के नाम पर महिला से उसके पहने हुए गहने उतरवा लिए। इसके बाद जेवरात को कागज में लपेटने का नाटक करते हुए असली गहनों वाली पुड़िया बदल दी और कागज की पुड़िया महिला को थमा कर फरार हो गए।
पूजा का सामान खरीदने निकली थीं महिला


पीड़िता सिहोडीह निवासी सीमा देवी ने पुलिस को बताया कि वह घर से पूजा का सामान खरीदने के लिए पास की दुकान जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार चार युवकों ने उनका पीछा किया और आवाज देकर रोकने का प्रयास किया। बाद में एक अपराधी उनके पास पहुंचा और उन्हें अपने अन्य साथियों के पास ले गया।
पुलिसकर्मी बताकर सुरक्षा का दिखाया डर
अपराधियों ने खुद को मुफस्सिल थाना से आया पुलिसकर्मी बताते हुए महिला से कहा कि इलाके में मारपीट की घटना हुई है और सोने के जेवर पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है। पुलिसकर्मी समझकर महिला उनके झांसे में आ गईं और अपने गहने उतारकर उन्हें सौंप दिए।
पुड़िया बदलकर हुए फरार
अपराधियों ने महिला के जेवरात को कागज में लपेटने का नाटक किया। इसी दौरान उन्होंने महिला का ध्यान भटकाकर असली जेवरात वाली पुड़िया बदल दी और दूसरी पुड़िया महिला को थमा दी। कुछ देर बाद पुड़िया खोलने पर उसमें जेवरात नहीं मिले। तब तक सभी अपराधी बाइक से फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि फुटेज में अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

