नशीले पदार्थों की तस्करी मामले में गिरिडीह पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 10 किलो गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार,
एसपी ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी, पचम्बा व जमुआ में छापेमारी कर चार को किया गिरफ्तार

गिरिडीह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीती रात गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गिरिडीह एसपी डॉ विमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पचम्बा थाना क्षेत्र के माथाडीह में छापेमारी कर करीब 10 किलो गांजा जप्त किया गया है। इस दौरान पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
शुक्रवार को एसपी डॉ विमल कुमार ने प्रेसवार्ता के बताया कि डीएसपी 2 कौशर अली के नेतृत्व में टीम ने माथाडीह में सड़क किनारे संदिग्ध स्थिति में मौजूद दो व्यक्तियों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन छापेमारी दल ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पचम्बा थाना क्षेत्र के 45 वर्षीय शिव शंकर साव और 39 वर्षीय हरि शंकर राम के रूप में हुई है।


जब दोनों युवकों की तलाशी ली गई तो उनके पास से पांच बंडलों में कुल 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए जमुआ थाना क्षेत्र के 48 वर्षीय महेन्द्र यादव और 27 वर्षीय कमलेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया, जिनके पास से अतिरिक्त 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि मामले में पचम्बा थाना कांड संख्या 38/26, दिनांक 23.04.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20, 22 एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
छापेमारी दल में पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, प्रभात कुमार, सोनु कुमार वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
