Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

JSSC-JPSC की कथित गड़बड़ियों की CBI जांच की मांग, भाजपा ने घेरा समाहरणालय

छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित करने की उठी आवाज बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में स्टेडियम से समाहरणालय तक पैदल मार्च, सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

0 7

गिरिडीह। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने JSSC-JPSC से जुड़े कथित घोटालों की CBI जांच, शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी तथा निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग को लेकर समाहरणालय का घेराव किया।

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सबसे पहले गिरिडीह स्टेडियम में जुटे। यहां से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और विभिन्न मांगों से संबंधित नारे लगाते हुए पैदल मार्च कर समाहरणालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद की। भारी बारिश के बावजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का जोश काम नहीं हुआ।

sawad sansar

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा रोजगार की उम्मीद में प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं में शामिल होते हैं। ऐसे में परीक्षा अथवा नियुक्ति प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। नेताओं ने कहा कि JSSC और JPSC से संबंधित कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

CBI जांच और मुकदमे वापस लेने की मांग

भाजपा नेताओं ने कहा कि कथित घोटालों की जांच CBI से कराई जानी चाहिए, जिससे जांच की निष्पक्षता को लेकर किसी प्रकार का सवाल न उठे। साथ ही आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

‘नौकरी हमारा अधिकार’ के लगाए नारे

समाहरणालय घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘नौकरी हमारा अधिकार’, ‘घोटाले की CBI जांच करो’ और ‘छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लो’ जैसे नारे लगाए। भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

बहुत अरसे के बाद भाजपा के प्रदर्शन में शामिल हुए कई दिग्गज

बहुत अरसे के बाद गिरीडीह में भारतीय जनता पार्टी के किसी प्रदर्शन में एक साथ कई दिग्गज नेता नजर आए। युवाओं में जोश भरने के लिए और प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए आज के विरोध मार्च में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो, जमुआ विधायक मंजु कुमारी, पूर्व विधायक व मंत्री डॉ रवींद्र राय, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, दिनेश यादव, विनय सिंह, चुन्नूकान्त, भाजपा के प्रायः सभी धड़ों के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए और पूरी एकजुटता के साथ सरकार तक अपनी बातों को पहुंचाने का प्रयास किया।

प्रदर्शन को देखते हुए समाहरणालय परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.