पर्व त्योहारों के मौसम में अवैध शराब के रूप में जहर घोलने की थी तैयारी
बगोदर में अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का हुआ भंडाफोड़, 80 लाख की शराब और उपकरण जब्त नवनिर्मित दो मंजिला मकान में चल रहा था अवैध कारोबार, संचालक सहित अन्य फरार

गिरिडीह। पर्व त्योहारों को देखते हुए उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा लगातार अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बगोदर के सरिया रोड स्थित विवेकनगर में एक नवनिर्मित दो मंजिला मकान में संचालित अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जिसके द्वारा त्योहारों के मौसम में जहर घोलने की तैयारी थी। करीब चार घंटे तक चली छापेमारी में लगभग 80 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए है। हालांकि, इस दौरान फैक्ट्री का संचालक सहित अन्य लोग फरार होने में सफल रहे।
शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में प्रेसवार्ता का आयोजन कर छापेमारी का नेतृत्व कर रहे एसडीपीओ धनंजय कुमार राम व उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने बताया कि विवेकनगर स्थित नंदू साव के नवनिर्मित मकान के अलग-अलग कमरों में कार्टून में बंद अंग्रेजी शराब की बोतलें रखी गई थी। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए है। जब्त शराब को तीन पिकअप वैन में लोड कर ले जाया गया। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि फिलहाल अवैध रूप से अंग्रेजी शराब तैयार कर दूसरे राज्यों में इसकी आपूर्ति की जाती होगी। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।


वहीं प्रेसवार्ता में उपस्थित उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि बर्वध कारोबार से जूड़े लोग पर्व-त्योहारों के मौसम में अवैध शराब के रूप में जहर घोलने का काम करते है। कहा कि अवैध तरीके से तैयार की जाने वाली शराब जहरीली भी हो सकती है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होने के साथ जान जाने का भी खतरा रहता है।
छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के अधिकारी सुमितेष कुमार, महेश कुमार दास, रविरंजन और लक्ष्मण महतो सहित बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार, पुअनि आनंद कच्छप, पुअनि अभिषेक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

