गिरिडीह में आरएसएस का विजयादशमी उत्सव, पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों ने किया पथ-संचलन
शताब्दी वर्ष के बाद 101वें वर्ष में प्रवेश करेगा संघ, मोहन कच्छप ने कहा—भारत को परम वैभव तक पहुंचाना है उद्देश्य

गिरिडीह। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की गिरिडीह नगर इकाई की ओर से सोमवार को झंडा मैदान में विजयादशमी उत्सव सह पथ-संचलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। झंडा मैदान से निकला पथ-संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मैदान पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान संघ के सह प्रांत कार्यवाह मोहन कच्छप और जिला कार्यवाह वीर प्रताप ने भारत माता, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार तथा गुरुजी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शस्त्र पूजन किया।



बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए मोहन कच्छप ने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर संघ अपने 101वें वर्ष में प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा कि संघ देश के साथ-साथ विदेशों में भी निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है। उनके अनुसार, जब-जब हिंदू समाज संगठित हुआ है, तब-तब देश के विरोधियों को पीछे हटना पड़ा है। उन्होंने भारत को परम वैभव तक पहुंचाने को संघ का उद्देश्य बताया।
मोहन कच्छप ने कहा कि शाखाओं के माध्यम से व्यक्ति और समाज को जोड़ने का कार्य किया जाता है। संघ अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर पंच परिवर्तन और शाखा विस्तार के आधार पर गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है।

कार्यक्रम में प्रांत सेवा प्रमुख मुकेश रंजन सिंह, नगर कार्यवाह अमरदीप कुमार सोनू, जिला प्रचारक निरंजन जी, नलिन कुमार, अमित कुमार, आकाश, मनीष, शिव गौरव पांडेय, अनुराग सहित कई स्वयंसेवक उपस्थित थे। भाजपा नेता विनय सिंह, रविंद्र पांडेय, जयप्रकाश वर्मा, संतोष गुप्ता, विनोद सिन्हा और भाजपा नेत्री विनीता कुमारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में संघ प्रार्थना के साथ उत्सव का समापन हुआ।

