नगर निकाय चुनाव कराने की मांग को लेकर भाजपा ने समाहरणालय के समक्ष दिया महाधरना
भाजपाईयों ने समाहरणालय के समक्ष किया प्रदर्शन, राज्य सरकार पर लगाए कई गंभीर आरोप

गिरिडीह। झारखंड सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव कराने में किए जा रहे विलंब के खिलाफ भाजपा द्वारा मंगलवार को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय महाधरना का आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में मुख्य रूप से कोडरमा के पूर्व सांसद डॉ. रविंद्र कुमार राय, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, पूर्व महापौर सुनील पासवान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चुन्नूकांत, महादेव दुबे, विनय कुमार सिंह, प्रो. विनीता कुमारी, कामेश्वर पासवान, प्रदेश युवा मंत्री संजीव कुमार, नविन सिन्हा सहित काफी संख्या में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए और झारखं डमें नगर निकाय चुनाव की तिथियों की घोषणा करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने और मतदान में ईवीएम का प्रयोग करने की मांग की। धरना से पूर्व सभी भाजपाई पपरवाटांड दुर्गा मण्डप के समक्ष एकत्र हुए और यहां से प्रदर्शन करते हुए जुलूस की शक्ल में राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाहरणालय पहुंचे और समाहरणालय गेट के समक्ष धरना पर बैठ गए। 
महाधरना को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता पूर्व सांसद डॉ रवींद्र कुमार राय ने कहा कि हेमंत सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। आम लोगों के संवैधानिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार नगर निगम का चुनाव कराने के बजाय विगत तीन वर्षो से टाल रही है। वहीं न्यायालय के प्रेशर से जब चुनाव कराने की मजबूरी बनी तो ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव करा रही है। उन्होंने सिर्फ ही निकाय चुनाव की घोषणा करने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव ईपीएम के माध्यम से हो और नगर निगम का चुनाव दलीय आधार पर कराया जाये। कहा कि अगर हेमंत सरकार दलिय आधार पर चुनाव नहीं कराती है तो आगे जोरदार आंदोलन किया जाएगा।


वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम सिंह ने महाधरना को संबोधित करते हुए कहा कि देश के हर कोने में हर चुनाव ईवीएम से हो रहा है। विपक्ष के लोग भी ईवीएम से चुनाव जीते हैं वहां कोई तकलीफ नहीं है, लेकिन जहां हार जाते है वहां दिक्कत होती है। कहा कि झारखंड सरकार ईवीएम से चुनाव कराने में डरती है क्योंकि गुंडाराज कायम करके चुनाव जीतना चाहती है। जिसे भारतीय जनता पार्टी कभी नही होने देगी।
मौके पर नगर निगम के पूर्व महापौर सुनील पासवान ने कहा कि मेरे कार्यकाल में पूरे नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास बनाकर विकास की लंबी लकीर खींची गई। सड़क एवं नालियों सहित कई पार्क का निर्माण कराया गया, लेकिन यह झामुमो सरकार ने एक साजिश के तहत कागजी प्रक्रिया कर उन्हें महापौर के पद से हटाने का काम किया था। जो एक दलित के साथ अन्याय है। कहा कि एक दलित के साथ हुए इस अन्याय का बदला आने वाले समय में जनता चुनाव के माध्यम से देगी।
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, प्रदेश कार्य समिति सदस्य चुन्नूकांत, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री कामेश्वर पासवान, युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजीव कुमार, विनय सिंह, प्रो विनिता कुमारी, महेन्द्र वर्मा, नगर अध्यक्ष हरबिन्दर सिंह बग्गा सहित अन्य नेताओं ने भी धरना को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड सरकार पर बैलट पेपर से चुनाव कराकर अपने गुंडा तत्वों से जबरन चुनाव जीतना चाहती है इसलिए ईवीएम से चुनाव कराने में सरकार भाग रही है। कहा कि इस महा धरना के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंप कर भाजपा मांग करती है कि जल्द से जल्द नगर निगम का चुनाव ईवीएम और दलिय आधार पर कराया जाये अन्यथा भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
