स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत’श्रेणी में तेलोडीह पंचायत को राज्य स्तर पर मिला सम्मान
मुख्यमंत्री के हाथों मुखिया शब्बीर आलम हुए सम्मानित, मिला प्रशस्ति पत्र और 10 लाख का चेक

गिरिडीह। स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन की मिसाल बन चुका तेलोडीह पंचायत के मुखिया को झारखंड सरकार के द्वारा सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना (मूल्यांकन वर्ष 2024-25) के तहत ‘स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत’ श्रेणी में तेलोडीह पंचायत को राज्य स्तर पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है। शुक्रवार को रांची के खेलगांव स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और मंत्री इरफान अंसारी के द्वारा तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम को प्रशस्ति पत्र और 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
मुखिया शब्बीर आलम के नेतृत्व में पंचायत ने स्वच्छता को एक अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन बना दिया है। सम्मान प्राप्त करने के बाद मुखिया शब्बीर आलम ने झारखंड सरकार का शुक्रिया अदा करते हुए अपने सभी पंचायतवासियों का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, “यह अवार्ड हम सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास का परिणाम है, जिसके कारण आज तेलोडीह पंचायत गौरवान्वित हुआ है।”


कहा कि उनका अगला लक्ष्य तेलोडीह पंचायत को पूरे झारखंड में नंबर-1 स्वच्छ पंचायत बनाना है, और इसके लिए वे और भी अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ काम करेंगे।
