शहर के बड़ा चौक में चला नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान,
फुटपाथी दुकानदारों ने किया विरोध

गिरिडीह : नगर निगम के द्वारा मंगलवार को शहर के बड़ा चौक के आस पास स्थित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे ठेले‑खोमचे को हटाया गया। साथ ही सड़क किनारे खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहनों का चालान भी काटा गया। इस दौरान फुटपाथी दुकानदारों द्वारा सड़क पर फैलाई गई गंदगी को भी साफ करने के निर्देश दिए गए।
इस क्रम में अतिक्रमण हटाओ अभियान से नाराज फुटपाथी दुकानदारों ने अभियान का विरोध करते हुए निगम के अधिकारियों से उलझ गए। दुकानदारों और निगम अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। दुकानदारों ने कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के अचानक इस तरह की कार्रवाई से उनका रोज़गार प्रभावित हो रहा है। फुटपाथी दुकानदारों का कहना है कि निगम पहले उनके लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करे, उसके बाद अभियान चलाए। दुकानदारों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शाम होते ही इलाके में फास्ट फूड और चाट-गुपचुप वाली दुकानें सड़क किनारे सज जाती हैं, जिनके द्वारा गंदगी भी फैलाई जाती हैं, लेकिन निगम की कार्रवाई केवल दिन के समय सब्जी और फल बेचने वालों के खिलाफ ही होती है।


वहीं अतिक्रमण हटाने आये निगम के अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और वाहन खड़े करने पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि दुकानदारों को हुट्टी बाजार स्थित हटिया परिसर में दुकान लगाने के लिए कहा गया है, पर वहां दुकानदार नहीं जाते हैं। अधिकारियों ने कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
