विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव के दूसरे दिन फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर एवं गिरिडीह कॉलेज ने लहराया जीत का परचम, उपायुक्त ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

गिरिडीह। जिला प्रशासन द्वारा विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर आयोजित दो दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने तथा आदिवासी समाज की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गिरिडीह स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के अंडर-17 एवं सीनियर वर्ग में विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों एवं खेल टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। अंडर-17 वर्ग में स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर, एचई. हाई स्कूल, बेंगाबाद एफसी, ईएमआरएस प्लांज, कार्मेल हिंदी स्कूल, होली क्रॉस स्कूल एवं डीएमएस डोमासांगी की टीमों ने भाग लिया। वहीं सीनियर वर्ग में ईएमआरएस प्लांज, एचई. हाई स्कूल, एडब्ल्यूएस. बरगंडा एवं गिरिडीह कॉलेज की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।



मौके पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वयं उपायुक्त रामनिवास यादव बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं वन प्रमंडल पदाधिकारी मनिश तिवारी, नगर आयुक्त, सहायक समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन कर किया गया। वहीं टूर्नामेंट की शुरूआत उपायुक्त ने सभी खिलाड़ियों से परिचय लेकर व बॉल को कीक मारकर की। वहीं टूर्नामेंट के विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी खेल भावना एवं सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही, आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव महत्वपूर्ण पहल है।

अंडर-17 वर्ग में स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर व सिनयर ग्रुप में गिरिडीह कॉलेज बना विजेता
अंडर-17 वर्ग के फाइनल मुकाबले में ईएमआरएस प्लांज एवं स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहित हेम्ब्रम को बेस्ट प्लेयर से सम्मानित किया गया। वहीं सीनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में एचई. हाई स्कूल एवं गिरिडीह कॉलेज की टीम आमने-सामने रही। कड़े एवं रोमांचक मुकाबले में गिरिडीह कॉलेज ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं शानदार प्रदर्शन के लिए अजेंद्र मुर्मू को बेस्ट प्लेयर चुना गया।

