रीवा में दो जैन साध्वी की पदयात्रा के दौरान कुचल कर मारने की घटना से जैन समाज में आक्रोश
गिरिडीह और सरिया में जैन समाज के लोगों ने निकाला मौन जुलूस, डीसी को सौंपा ज्ञापन

गिरिडीह। मध्य प्रदेश के रीवा में पदयात्रा के दौरान दो जैन साध्वी को कुचलने से हुए मौत की घटना से न सिर्फ पूरा जैन समाज मर्माहत है बल्कि उनमें घटना को लेकर काफी आक्रोश भी है। सोमवार को घटना के विरोध में दिगंबर जैन समाज के द्वारा गिरिडीह शहरी क्षेत्र और सरिया में मौन जुलुश निकाला गया। जिसमें जैन समाज के काफी संख्या में लोग शामिल हुए और घटना को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
मौन जुलुश शहर के बड़ा चौक स्थित जैन मंदिर से निकाली गई। जिसमें जैन समाज के प्रमुख अशोक जैन और हेमलता सेठी शामिल अजय जैन, अविनाश सेट्टी, विजय सेठी, आलोक जैन सहित अन्य लोग हाथों में तख्ती लिए शहर का भ्रमण किया। वहीं सरिया में निकाले गए मौन जुलुश में जैन समाज की महिलाओं और पुरुष के साथ युवा शामिल हुए और सरिया एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।


इस दौरान उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए गिरिडीह जैन समाज के प्रमुख अशोक जैन और हेमलता सेठी ने कहा कि यह काफी अफसोस की बात है कि जो जैन समाज पूरे विश्व को अहिंसा परमो धर्म का संदेश दिया। हमेशा भारत के जनमानस के लिए कार्य किया। उसी समाज के साध्वियों को पदयात्रा के दौरान गाड़ी से कुचल कर मारा गया। जबकि साधु संत किसी खास समाज के नहीं होते, वे सर्वसमाज के लिए संदेश देते है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जब भी जैन समाज के साध्वी पदयात्रा करे, तो सरकार उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराए।
