Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

मुंशी मंजेश अपहरण-हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, चार गिरफ्तार

प्रोजेक्ट मैनेजर से विवाद के बाद रची गई थी साजिश, जंगल से बरामद हुआ शव

0 8

गिरिडीह। तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक स्थित बाघमारी मोड़ से एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार (42) के अपहरण और हत्या के मामले का गिरिडीह पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मंजेश कुमार का शव बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मंजेश कुमार के अपहरण की सूचना प्राप्त हुई थी। इस संबंध में उनके भाई गौतम कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर तिसरी थाना कांड संख्या 77/26, दिनांक 7 सितंबर 2026, धारा 140(1)/61 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।

sawad sansar

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आपसी विवाद में हत्या की साजिश

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी और मुंशी मंजेश कुमार के बीच काम में एक-दूसरे के हस्तक्षेप तथा डीजल और अन्य खर्चों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के कारण मंजेश कुमार को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि घटना को प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी, पिन्टु कुमार यादव और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में इम्तियाज अंसारी (39), पिता हररोज मियां, निवासी खिजुरिया, थाना सोनारायठाढ़ी, जिला देवघर; शिव कुमार (30), पिता राम नरेश सहनी, निवासी सघनपुरा, थाना कथैया, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार); पिन्टु कुमार यादव (30), पिता किशुन यादव, निवासी भोगताडीह, थाना तिसरी, जिला गिरिडीह तथा राजेश कुमार सिंह (24), पिता विजय सिंह, निवासी नावागढ़चट्टी, थाना धनवार, जिला गिरिडीह शामिल हैं।

मोटरसाइकिल, खून लगा पत्थर और डंडा बरामद

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर एवं सखुआ का डंडा तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान को अनुसंधान के लिए जब्त कर लिया गया है।

एसआईटी में शामिल रहे अधिकारी

छापामारी दल में एसडीपीओ खोरीमहुआ अमरेन्द्र कुमार, पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार महतो, तिसरी थाना प्रभारी शम्भू नन्द ईश्वर, घोड़थंभा ओपी प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार, राजधनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, गांवा थाना के सतीश कुमार, देवरी थाना के रिशु कुमार सिन्हा, आरक्षी शशिकांत कुशवाहा, तकनीकी शाखा के आरक्षी जोधन कुमार समेत तिसरी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी अनुसंधान जारी है।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.