Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

महाअष्टमी पर गिरिडीह के दुर्गा मंडपों में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां महागौरी के दर्शन को लगी लंबी कतारें

अहले सुबह से ही पूजा पंडालों में उमड़ने लगे श्रद्धालु, चुनरी और नारियल अर्पित कर भक्तों ने की सुख-समृद्धि की कामना

0 6

गिरिडीह। शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को गिरिडीह शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता महागौरी की पूजा-अर्चना के लिए जिले के विभिन्न दुर्गा मंडपों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही माता के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते शहर के कई प्रमुख पूजा मंडपों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। कई स्थानों पर भक्तों को माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी।

sawad sansar

महाअष्टमी को लेकर पूजा समितियों की ओर से सभी प्रमुख पूजा पंडालों और दुर्गा मंडपों में पूरे विधि-विधान के साथ माता महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। वहीं, श्रद्धालुओं ने भी पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ माता के दरबार में मत्था टेका। भक्तों ने मां दुर्गा को चुनरी, नारियल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना की। सुबह से ही मंदिरों और पूजा पंडालों में जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

अहले सुबह से पूजा पंडालों में जुटने लगे श्रद्धालु

महाअष्टमी के दिन रविवार को अहले सुबह से ही गिरिडीह शहर के करीब दो दर्जन से अधिक पूजा पंडालों और दुर्गा मंडपों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। दिन चढ़ने के साथ ही भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होती गई। महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में माता के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार किया और माता के समक्ष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद मांगा।

शहर के विभिन्न इलाकों में स्थापित दुर्गा मंडपों में सुबह से लेकर दिनभर चहल-पहल बनी रही। पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़ से शारदीय नवरात्र के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह साफ झलक रहा था। वहीं, पूजा समितियों की ओर से भी महाअष्टमी की पूजा को लेकर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।

 

*महाष्टमी पूजा को लेकर दिखी भीड़ *

महाअष्टमी के अवसर पर शहर के आईसीआर रोड स्थित श्रीश्री आदि दुर्गा मंडप, छोटकी दुर्गा मंडा, बरगंडा सार्वजनिक काली मंडा, सिहोडीह दुर्गा मंडप, एकाडेमी स्थित सुरो सुंदरी इंस्टिच्यूट पूजा पंडाल और बरगंडा सांस्कृतिक क्लब सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।इसके अलावा बाभनटोली दुर्गा मंडप, पुलिस लाइन दुर्गा मंडप, पचंबा गढ़ मुहल्ला दुर्गा मंडप, बोड़ो दुर्गा पूजा समिति, अलकापुरी दुर्गा पूजा समिति, भंडारीडीह दुर्गा मंडप, शास्त्री नगर दुर्गा मंडप, बरमसिया दुर्गा मंडप, रक्षित बाबू दुर्गा मंडप और विजय इंस्टिच्यूट दुर्गा पूजा समिति में भी भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव से माता की पूजा-अर्चना की। वहीं, बीबीसी रोड स्थित श्रीश्री मां आदि शक्ति दुर्गा पूजा समिति, सीसीएल क्षेत्र के बनियाडीह दुर्गा मंडप और पपरवाटांड़ दुर्गा मंडप समेत शहर के अन्य पूजा पंडालों एवं मंडपों में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। हर ओर भक्तिमय वातावरण और माता के जयकारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

श्री श्री आदि दुर्गा मंडप सहित प्रमुख दुर्गा मंडपों में लगी भक्तों की लंबी कतारें

महाअष्टमी पर खासकर उन दुर्गा मंडपों में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ देखने को मिली, जहां मां शक्ति की पूजा लंबे समय से परंपरागत रूप से होती आ रही है। इनमें श्रीश्री आदि दुर्गा मंडप, छोटकी दुर्गा मंडा, बरगंडा सार्वजनिक काली मंडा और पचंबा गढ़ मुहल्ला दुर्गा मंडप समेत अन्य प्रमुख मंडप शामिल रहे। यहाँ पर माता के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए माता के जयकारे लगाते रहे। कतारों में खड़े भक्तों के चेहरे पर मां दुर्गा के दर्शन को लेकर उत्साह और श्रद्धा साफ दिखाई दे रही थी।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.