बेकाबू ट्रक ने पल भर में मातम में बदल दी बेटी की शादी की खुशियां
बेटी की शादी की खरीददारी करने गए पिता की इसरी बाजार हादसे में हुई मौत, घर पर छाया मातम

गिरिडीह। जिले के इसरी बाजार में शुक्रवार की शाम को हुई दर्दनाक घटना में जहां पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं करीब दस लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। अचानक मौत बनकर आई ट्रक ने कई घरों की खुशियां छीन ली। इस घटना में बेटी की शादी की शॉपिंग के लिए गए एक पिता की भी मौत हो गई, जिससे उस घर में बेटी की शादी की खुशियां पलभर में ही मातम में बदल गई।
बताया जाता है कि बारवाडीह के चाचाकी निवासी टहल साव की बेटी की 13 मई को शादी है, जिसकी जोर शोर से तैयारियां चल रही थी। घर में खुशी और उत्साह का माहौल था। शादी के लिए जरूरी सामान खरीदने टहल साव अपने परिजनों के साथ इसरी बाजार गए हुए थे। परिजनों के अनुसार शादी को लेकर करीब तीन लाख की खरीदारी की गई थी। सामान खरीदने के बाद टहल साव पिकअप वैन में बैठकर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। उनके साथ चालक भी वाहन में मौजूद था। इसी दौरान परिवार के कुछ सदस्य पास की दुकान में आलू खरीदने चले गए। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टहल साव गंभीर रूप से घायल हो गए।


इस दौरान बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को अपने चपेट में ले लिया था, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। टहल साव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। टहल साव के साले तुलसी साव ने बताया कि परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। बेटी की शादी की तैयारी में जुटे परिवार के मुखिया अब इस दुनिया में नहीं रहे। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
