बिल्डिंग बायलॉज उल्लंघन पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, भीम ज्वेलर्स भवन के अवैध हिस्से पर चला बुलडोजर
नक्शा के अनूरूप बनाने के बजाय बढ़ाकर किया गया था निर्माण कार्य, पूर्व में दिया जा चुका था नोटिस

गिरिडीह। झारखंड बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ गिरिडीह नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबेडकर चौक के समीप मोबाइल गली स्थित भीम ज्वेलर्स भवन के अवैध हिस्से को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, दंडाधिकारी विनोद सिंह, अर्बन प्लानर मंजूर आलम, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। वहीं पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।



नगर निगम के अनुसार, कुछ दिन पहले भीम ज्वेलर्स सहित 11 भवन मालिकों को नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि के भीतर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था। नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि समय सीमा समाप्त होने के बाद भी यदि अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो नगर निगम नियमानुसार कार्रवाई करेगा। निर्धारित समय बीत जाने के बाद शुक्रवार को नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और अवैध हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

मौके पर नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा ने बताया कि उक्त बिल्डिंग को जो नक्शा पास था, उसके अनुरूप् निर्माण कार्य करने के बजाय उससे बढ़ाकर निर्माण कार्य कराया गया था। जिसके कारण उन्हें अवैध निर्माण को हटाने को लेकर नोटिस भी दिया गया था, लेकिन भवन मालिक के द्वारा कोई पहल नही किए जाने के कारण आज बुलडोजर चलाया गया है। उन्होंने कहा है कि बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन करने वाले अन्य भवनों के विरुद्ध भी नियमानुसार अभियान जारी रहेगा। निगम ने भवन मालिकों से नियमों का पालन करने तथा अवैध निर्माण से बचने की अपील की है।

