बरमोरिया पंचायत में रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों से हुए रूबरू, नशामुक्ति को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक
नशा मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी जरूरी : उपायुक्त रामनिवास यादव

गिरिडीह : राज्यव्यापी नशा मुक्ति अभियान के तहत गिरिडीह प्रखंड की बरमोरिया पंचायत सचिवालय में मंगलवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक रूप से की। चौपाल के दौरान डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ विमल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी जमीन पर बैठकर कर स्थानीय लोगों से वार्ता की और उनकी समस्याओं से अवगत हुए।
रात्रि चौपाल को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। नशे की वजह से पारिवारिक कलह, सामाजिक तनाव और आपराधिक घटनाओं में वृद्धि होती है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जनजागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही जनप्रतिनिधियों से गांव-गांव जाकर युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया।


पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने खोरठा भाषा में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं से संवाद करते हुए नशे के सामाजिक, आर्थिक और मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए तथा सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

