फाइलेरिया उन्मूलन हेतु एमडीए का अभियान 10 से 25 फरवरी तक


गिरिडीह। भारत सरकार द्वारा 2027 तक फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य के तहत सामूहिक औषधि सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जा रहा है। गिरिडीह जिले में यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। उक्त जानकारी गिरिडीह के सिविल सर्जन एसके मिश्रा ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 17 लाख 96 हजार 517 लक्षित जनसंख्या को फाइलेरिया रोधी दवा की एकल खुराक दी जाएगी। दवा का सेवन एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों के लिए निषिद्ध होगा।
उन्होंने बताया कि आगामी 10 फरवरी को सभी आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर दवा का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही जो लोग छूट जाएंगे उन्हें 11 से 25 फरवरी तक प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता (सहिया, सेविका, वॉलंटियर) घर-घर जाकर दवा का सेवन सुनिश्चित कराएंगी। साथ ही अभियान में शामिल कार्यबल जिले के 1,755 बूथ को चिह्नित कर दवा का वितरण करेंगे। जिसमे कुल 3,510 दवा प्रशासक तैनात रहेंगे। वहीं 342 प्रखंड स्तरीय पर्यवेक्षक निगरानी करेंगे।

Comments are closed.