Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

नाबालिग से छेड़खानी और एक अन्य छात्र से मार-पीट मामले को लेकर गरमाया पचंबा थाना

देर रात आमने-सामने हुए दो पक्ष, पुलिस पर लगा लाठीचार्ज का आरोप पीड़िता के पक्ष से भाजपा नेताओं के सामने आने पर पुलिस पदाधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

0 4

गिरिडीह। नाबालिग लड़की से कथित छेड़खानी के मामले को लेकर गुरुवार की देर रात पचंबा थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ। कार्रवाई की मांग को लेकर थाना पहुंचे लोगों के बीच कहासुनी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दो पक्ष आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करते हुए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। बताया गया कि एक नाबालिग लड़की अपने साथ हुई कथित छेड़खानी की शिकायत लेकर अपनी माँ के साथ पचंबा थाना पहुंची थी। उनके साथ भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद संजीव कुमार गुड्डू भी मौजूद थे। इसी दौरान पचंबा वार्ड नंबर-2 के पार्षद लालो राइन भी अन्य लोगों के साथ थाना पहुंच गए। बताया जाता है कि आरोपी लड़का लालो राइन का रिश्तेदार भी है। थाना परिसर में दोनों पक्षों के लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला नोकझोंक तक पहुंच गया और वहां मौजूद भीड़ दो पक्षों में बंट गई। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए लोगों को थाना परिसर से हटाया। इस दौरान पुलिस द्वारा लाठी भांजकर भीड़ को खदेड़ने की बात सामने आई है। इसके बाद कुछ देर के लिए स्थिति शांत हुई।

 

इधर, घटना की सूचना मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, भाजपा नेता दिनेश यादव, आजसू नेता कम्पू यादव समेत कई नेता और कार्यकर्ता भी पचंबा थाना पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भी थाना पहुंचे। थाना के स्वागत कक्ष में पुलिस अधिकारियों और भाजपा-आजसू नेताओं के बीच बैठक हुई। बैठक में थाना प्रभारी राजीव कुमार भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने नाबालिग की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस के समक्ष अपनी नाराजगी जताई।

 

sawad sansar

मौके पर भाजपा नेता दिनेश यादव सहित अन्य नेताओं ने कहा कि वर्तमान स्थिति में आम लोगों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ता भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। नेताओं ने मांग की कि नाबालिग से कथित छेड़खानी करने वाले युवक, उसके पिता और आरोपियों को संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए।

 

डीएसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा

बैठक में डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा ने भाजपा नेताओं को भरोसा दिलाया कि नाबालिग की ओर से दिए गए आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और मामले में तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि आरोपी कोई भी हो, कानून के तहत कार्रवाई तय है। डीएसपी के आश्वासन के बाद देर रात करीब एक बजे भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाना परिसर से बाहर निकले।

 

बताया जाता है कि पूरा मामला एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित छेड़खानी से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, पचम्बा के एक युवक द्वारा कथित तौर पर लड़की को फोन और मैसेज कर परेशान किया जा रहा था। इसको लेकर विरोध करने और शिकायत करने के बाद विवाद बढ़ गया। मामले में एक अन्य छात्र के साथ कथित मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप भी लगाए गए हैं।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.