दुष्कर्म मामले में तिसरी पुलिस कोलकाता से आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

गिरिडीह(तिसरी)। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिक के साथ दुष्कर्म करने के मामले में तिसरी पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में गिरिडीह जेल भेज दिया है। मामले को लेकर पीड़िता की ओर से विगत 23 अगस्त 2026 को परिजनों द्वारा तिसरी थाना में आवेदन देकर थाना क्षेत्र के पनमरूवा के रहने वाले सुधीर कुमार पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। आवेदन के आधार पर तिसरी थाना में कांड संख्या 70/26 के दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(उ)/3(5) भारतीय न्याय संहिता और 4/6 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शम्भूनंद ईश्वर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर आरोपी को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए कोलकाता में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोलकाता से आरोपी सुधीर कुमार को सोमवार को दबोच लिया और आज कागजी प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया।

