Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

जिला स्तरीय अस्मिता सिटी लीग 2026 की हुई शुरूआत, उपायुक्त ने किया उद्घाटन

प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी करता है विकसित: डीसी

0 26

गिरिडीह। जिला प्रशासन द्वारा गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय अस्मिता सिटी लीग 2026 का भव्य आयोजन शनिवार को किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। वहीं मंच का संचालन जिला पर्यटन विशेषज्ञ अमन राज के द्वारा किया गया।

sawad sansar

मौके पर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्य अतिथि उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि आज की बालिकाएं न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और कई मायनों में आगे बढ़ रही हैं। कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, समर्पण एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया। उपायुक्त ने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल हमें जीत और हार दोनों को स्वीकार करना सिखाते हैं और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। सभी खिलाड़ी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करें।

एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 वर्ग के 200 मीटर दौड़ में वर्षा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि निशा मुर्मू द्वितीय एवं एलिस बड़ला (कार्मेल स्कूल) तृतीय स्थान पर रहीं। इसी वर्ग के 60 मीटर दौड़ में अक्षरा टुडू प्रथम, एलिस बड़ला द्वितीय तथा स्मृति मुर्मू तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं सीनियर वर्ग के 100 मीटर दौड़ में रोशनी कुमारी ने प्रथम स्थान, सोनाली टुडू द्वितीय एवं नंदिता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-17 वर्ग के 100 मीटर दौड़ में अदिति चौधरी प्रथम, राज नंदिनी द्वितीय एवं प्रिया सोरेन तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि 200 मीटर दौड़ में शृष्टि हेस्सा ने प्रथम, प्रिया सोरेन ने द्वितीय एवं प्रीति वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग के 1500 मीटर दौड़ में विद्या ने प्रथम, शृष्टि कुमारी द्वितीय एवं रूपा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं 200 मीटर दौड़ में कुमारी प्रज्ञा श्रीवास्तव ने प्रथम, रोशनी कुमारी ने द्वितीय एवं सोनाली टुडू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस दौरान जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत ताइक्वांडो एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताएं इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गईं, जबकि एथलेटिक्स एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं गिरिडीह स्टेडियम में संपन्न हुईं, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों की प्रतिभागी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 वर्ग में यूएमएस मंगलुसकार और युवा कब्बडी एकाडेमी के बीच फाइनल मुकाबला, अंडर-17 वर्ग में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और कार्मेल स्कूल के बीच फाइनल मुकाबला तथा सीनियर वर्ग में इंदिरा द फाइटर ऑफ इंडिया ईएमआरएस पालगंज के बीच फाइनल मुकाबला दूसरे दिन आयोजित किए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.