Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

गिरिडीह कॉलेज छात्रावास मैदान में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया संताल समाज का महान पर्व सोहराय

0 45

गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह के छात्रावास मैदान में आज दिनांक 4 जनवरी 2026 को संताल समाज का महान पर्व सोहराय पूरे पारंपरिक विधि-विधान, हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः नायके बाबा द्वारा जिला मांझी थान (बस स्टैंड के बगल) में गोट सीम बोंगा (पूजा) से की गई। इसके पश्चात मांझी थान में दाअ दुल (जल अर्पण) किया गया।
पूजा-अर्चना के उपरांत छात्राओं ने संताल समाज की परंपरा के अनुसार मांझी बाबा एवं नायके बाबा का पैर धोकर सम्मान प्रकट किया। यह दृश्य संताल समाज की गहरी सामाजिक एकता, सम्मान भाव और संस्कारों का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करता नजर आया।
इसके बाद गिरिडीह जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए संताल समाज के युवक-युवतियों ने पारंपरिक नृत्य एवं गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। मांदर, तमाक जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप और रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सीम सोड़े (मुर्गा बिरयानी) को प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने सोहराय पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सोहराय संताल समाज का सबसे बड़ा और पवित्र पर्व है, जो भाई-बहन के प्रेम, प्रकृति से जुड़ाव और पशुधन के सम्मान का प्रतीक है। इस पर्व के दौरान गाय, भैंस सहित अन्य पशुओं की पूजा की जाती है। सोहराय पर्व प्रत्येक वर्ष जनवरी माह में गांवों एवं शहरों में समान उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
इस भव्य आयोजन में समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिनमें छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप सोरेन, सचिव मदन हेंब्रम, श्याम सुंदर हांसदा, सिकंदर हेंब्रम, प्रवीण मुर्मू, मुजी लाल टुडू, दिलीप मुर्मू, चांद सोरेन, सोना लाल मुर्मू, मिरु लाल मरांडी, अनिल हेंब्रम, रेणुका हांसदा, रोशीना सोरेन, नुनु राम किस्कू, दशरथ किस्कू, सनातन मरांडी, शमीर मुर्मू, हेंगा मुन्नी मुर्मू एवं सुधीर बास्के प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम ने संताल समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सशक्त रूप से प्रस्तुत करते हुए सामाजिक एकता, परंपराओं के संरक्षण एवं सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.