केंद्र सरकार के खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो महिला मोर्चा ने कि बैठक विधेयक वापस नहीं लेने पर आंदोलन का किया ऐलान
कहा-झारखण्ड से एक ढेला खनिज नहीं जाएगा बाहर

गिरिडीह । झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा केन्द्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लेकर झारखंड में विरोध तेज कर दिया है । हर तरीके से पार्टी केंद्र सरकार को घेरने के लिए सक्रिय दिख रही है । इसी क्रम में मंगलवार को झामुमो महिला मोर्चा की बैठक प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में हुई, बैठक में केंद्र सरकार द्वारा दोनों सदनों में पारित खनिज संशोधन विधेयक को लेकर कड़ा विरोध जताया गया।
विदित हो कि विधेयक के ख़िलाफ़ झामुमो की ओर से राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी की जा रही है। इधर अब महिला मोर्चा ने भी आन्दोलन का एलान कर दिया।
बैठक में महिला मोर्चा की नेत्रियों ने आरोप लगाया कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार पर झारखंड के खनिज और आर्थिक हितों को प्रभावित करने वाला कानून लाने का आरोप लगाते हुए इसे वापस लेने की मांग की।


महिला मोर्चा की नेत्रियों ने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ महिलाएं चरणबद्ध आंदोलन करेंगी। जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर झारखंड से एक ढेला खनिज भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व का उपयोग राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में होता है, इसलिए राज्य के अधिकारों का हनन नहीं करने दिया जाएगा । उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन को याद दिलाते हुए कहा कि झारखंड भी अपने हक अधिकार के लिए लड़ेगा और ये विधेयक केन्द्र सरकार को वापस लेना पड़ेगा।
बैठक में महापौर प्रमिला मेहरा,जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रमिला कुमारी, आशा देवी, प्रीति भास्कर , अंजली मुर्मू, पूजा मुर्मू , निखत प्रवीण, तमन्ना प्रवीण, रोशन आरा, डोली कुमारी, कुसुम कुमारी, सोनी कुमारी, विरमा देवी, सावित्री देवी, ज्योति कुमारी सहित कई महिलाएं मौजूद थीं।

