करमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबे पांच बच्चे, चार शव बरामद
पलामू के चैनपुर के बोकीया इलाके में हादसा, एक बच्चे की तलाश जारी

पलामू। चैनपुर प्रखंड के बोकीया इलाके में करमा पूजा के विसर्जन के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। कोयल नदी से सटे एक तालाब में डूबने से पांच बच्चों की मौत की खबर है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और बच्चों की तलाश शुरू की।
जानकारी के अनुसार, करमा पूजा के विसर्जन के दौरान बच्चे तालाब के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पांच बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।


पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान में अब तक चार बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य बच्चे की तलाश जारी है। शवों को बाहर निकालने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
घटना की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
चैनपुर के बोकीया में हुए इस हादसे ने करमा पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया।

