Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

उपायुक्त ने की राजस्व संबंधी समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण में तीव्रता लाएं सभी विभाग: उपायुक्त

42

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव की अघ्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में राजस्व संबंधी समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा राजस्व संग्रहण की अब तक की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही सभी संबंधित विभागों को वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने आंतरिक संसाधनों के माध्यम से सरकार को प्राप्त होने वाले राजस्व की विस्तृत जानकारी ली और विभागवार राजस्व वसूली की गहन समीक्षा की।

मौके पर उपायुक्त श्री यादव ने स्पष्ट करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करते हुए संग्रहण कार्य में तीव्रता लानी होगी। जिससे सरकार द्वारा निर्धारित वार्षिक राजस्व लक्ष्य की पूर्ति समयबद्ध एवं समन्वित रूप से हो सके। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति हेतु ठोस कार्ययोजना बनाएं और नियमित अनुश्रवण करें।

बैठक के दौरान नगर निकायों के आंतरिक संसाधनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा इस बात पर विशेष बल दिया गया कि स्थानीय संसाधनों को मजबूत कर राजस्व संग्रहण में कैसे बढ़ोतरी की जा सकती है। उन्होंने विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध ढंग से उपलब्धि सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि स्वयं के संसाधनों के माध्यम से राजस्व संग्रह को अधिकतम किया जा सके, जिससे जनहित के कार्यों को और अधिक सुदृढ़ता प्रदान की जा सके।

समीक्षा बैठक में माप तौल, नीलाम पत्र, कृषि उत्पादन बाजार, मोटरयान निरीक्षक, भू-राजस्व, तथा अन्य विभागों के कार्यों पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से नीलाम पत्र की अद्यतन स्थिति को शीघ्र सुधारने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

बैठक में अपर समाहर्ता, जिला कोषागार पदाधिकारी, उपनगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (उत्तरी एवं दक्षिणी), उत्पाद अधीक्षक, जिला अवर निबंधक, सभी अवर निबंधक, माप-तौल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी (जिला नीलाम पत्र शाखा), कार्यपालक पदाधिकारी (राष्ट्रीय बचत), जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

Comments are closed.