उपायुक्त ने की आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश कहा खाद्यान्न का ससमय उठाव एवं वितरण में लापरवाही बर्दाशत नहीं

गिरिडीह। समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रामनिवास यादव ने आपूर्ति विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आपूर्ति विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं से सम्बन्धित समीक्षा की। आधार सिडिंग, सुसुप्त राशन कार्ड, ग्रीन टू एनएफएसए परिवर्तन राशन कार्ड, ई-पॉश मशीन, मुख्यमंत्री दाल भात योजना, चना दाल वितरण व अन्य संचालित योजनाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के अन्तर्गत अप्रैल, मई माह 2026 के खाद्यान्न वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा समीक्षा क्रम में उपायुक्त ने एनएफएसए और जेएसएफएसएस योजना के तहत खाद्यान्न का वितरण, चना दाल वितरण, मुख्यमंत्री दाल भात योजना, चीनी और नमक का वितरण, पीवीटीजी, जन वितरण प्रणाली, ग्रीन राशन कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं के अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर सम्बंधित पदाधिकारी को सरकार के कल्याणकारी योजनाओं से योग्य लाभुकों को स-समय लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त ने एनएफएसए के तहत खाद्य वितरण की जानकारी लेते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जेएसएफएसएस के तहत किए अनाज वितरण की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया की खाद्यान्न का उठाव एवं वितरण ससमय करना सुनिश्चित करें। कहा कि खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण में लापरवाही बर्दाशत नहीं की जायेगी। बैठक में जिले में पीवीटीजी परिवारों को डाकिया योजना से दी जाने वाली राशन संबंधित समीक्षा क्रम में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पीवीटीजी परिवारों को ससमय शतप्रतिशत डाकिया योजना का लाभ मिलनी चाहिए। साथ ही सोना-सोबरन धोती साड़ी योजनान्तर्गत सभी लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने का निर्देश दिया।


बैठक के दौरान उपायुक्त श्री यादव ने पीजीएमएस पोर्टल में लंबित मामलों को जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक समेत संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
