आगामी 28 एवं 29 जून को मधुबन में होगा भाकपा-माले का 14वां जिला स्तरीय सम्मेलन
किसानों मजदूरों के अलावे स्थानीय जनमुद्दों पर होगी चर्चा

गिरिडीह। आगामी 28 एवं 29 जून को मधुबन में भाकपा-माले का 14वां गिरिडीह जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला सचिव अशोक पासवान, किसान नेता पूरन महतो, माले नेता राजेश सिन्हा और कन्हाई पांडे ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, किसानों-मजदूरों की समस्याएं और कॉरपोरेट वर्चस्व के खिलाफ सम्मेलन में व्यापक चर्चा होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था संकट में है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
कहा कि सम्मेलन में गिरिडीह के स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जायेगा। नेताओं ने कहा कि जिले की फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जबकि प्रदूषण, विस्थापन, भूमि माफियाओं की गतिविधियां और मनरेगा में अनियमितताएं गंभीर चिंता का विषय हैं। अशोक पासवान ने कहा कि भाकपा-माले जनता के हक, सम्मान और रोजगार के सवालों पर संघर्ष जारी रखेगी। वहीं राजेश सिन्हा ने मधुबन क्षेत्र में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने की बात कही।


बताया कि सम्मेलन में भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, सांसद सुदामा प्रसाद, विधायक चंद्रदेव महतो, अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक विनोद सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार यादव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पार्टी ने किसानों, मजदूरों, छात्र-नौजवानों और महिलाओं से बड़ी संख्या में सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है।

