अंडा मशरुम प्लांट के पास सरकारी नाला मापी में अनियमितता, वर्तमान अमीन पर लगाया प्लांट संचालक के साथ सांठ गांठ का आरोप
मुखिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीसी, एसी और सीओ को ज्ञापन सौंपकर नाले की मापी के लिए पुनः की सरकारी अमीन नियुक्त करने की मांग

गिरिडीह। बेंगाबाद प्रखंड के खंडोली के समीप बरियारपुर में स्थित सरकारी नाला मापी में भारी अनियमितता बरती गई है। जिससे नाराज मधवाडीह पंचायत के मुखिया मो सिद्दीक अंसारी और ग्रामीणों ने पुनः उपायुक्त, अपर समाहर्ता और सीओ को ज्ञापन सौंप कर नाले की नापी के लिए पुनः सरकारी अमीन नियुक्त करने की मांग की है। उपायुक्त को दिए गए ज्ञापन में के अनुसार खंडोली तट के समीप संचालित अंडा-मशरूम प्लांट के पास सरकारी नाला है। जिसका अतिक्रमण किए जाने की आशंका से स्थानीय मुखिया सहित ग्रामीणों ने पूर्व में मांग की थी। हालांकि सरकारी नाला की मापी के लिए जिस सरकारी अमीन को नियुक्त किया गया था उसकी कार्यशैली पर संदह जताते हुए मुखिया मो सिद्दीक अंसारी ने बेंगाबाद सीओ को पत्र भी लिखा था। जिसके बाद भी उसी अमीन के द्वारा नाले की मापी की गई।
मुखिया सहित ग्रामीणों ने अमीन द्वारा किए गए मापी पर सवाल खड़े करते हुए कहा गया है कि अंबाटांड़ प्लॉट संख्या 555 एवं 719 सरकारी नाला का सीमांक सरकारी अंचल अमीन अर्जुन प्रसाद द्वारा किया गया है। जो आधा-अधूरा है। जैसे-तैसे मापी कर अंडा-मशरूम प्लांट के भीतर मात्र 4 डिसमिल जमीन अतिक्रमण करने का रिपोर्ट अंचल कार्यालय में जमा किया गया है, जो बिलकुल गलत है। कहा कि सरकारी अमीन के द्वारा प्लांट संचालक से मिली भगत कर उसे लाभ पहुंचाने का काम किया गया है। कहा गया कि हमलोगों के सामने की गई मापी में घोर अनियमितता बरती गई है। अमीन श्री वर्मा का प्लांट संचालक से पूर्व से साठ-गांठ है। जिसके कारण उन्होंने छुट्टी के दिन मापी कराकर हलका-4, थाना नंबर 361, अंडा मशरूम प्लांट वाले को लाभ पहुंचाने का काम किया।


उन्होंने उपायुक्त को दिए गए ज्ञापन के माध्यम से मांग करते हुए कहा है कि एक अन्य सरकारी अमीन को बहाल करने का लिखित आदेश देने का निर्देश दें और अंचल अमीन अर्जुन प्रसाद वर्मा की उपस्थित में मापी कराने का लिखित आदेश देने की कृपा की जाए। ताकि सही तरीके से सरकारी नाले की मापी हो सके।
