साइबर अपराधी का हौसला बुलंद, गिरफ्तार करने गई पुलिस पर किया पथराव
ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर अपराधी को छुड़ाने में हुए सफल

गिरिडीह। साइबर अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर गिरिडीह पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन गिरिडीह पुलिस के गंभीर रहने के बाद भी साइबर अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। यहाँ तक की पुलिस को देखकर भागने वाले साइबर अपराधी अब पुलिस पर ही हमलावर हो रहे हैं। जी हां बीती रात अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी को दबोचने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों पर पत्थराव भी किया गया। गनीमत रही कि किसी पुलिस कर्मी को कुछ हुआ नहीं। हालांकि पथराव की घटना में साइबर थाना पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए।
इस संबंध में बताया जाता है कि करीब 1 बजे रात साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम चिकसोरिया गांव में चुरामन मंडल नामक साइबर अपराधी को पकड़ने गई थी। वह अपने ससुराल में छुपा हुआ था। पुलिस जब चूरामन मंडल के ससुराल पहुंची तो ससुराल वालों समेत आस पास के ग्रामीण लाठी डंडे के साथ साइबर थाना पुलिस पर हमलावर हो गए। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव के वजह से पुलिस वाहन का शीशा टूट गया। इस बीच सूचना मिलने पर गांडेय के इंस्पेक्टर समेत कई पुलिस टीम चिकसोरिया गांव पहुंचकर हालात को संभाला। हालांकि ग्रामीण साइबर अपराधी चूरामन मंडल को पुलिस के कब्जे से मुक्त कराने में सफल रहे।



बताया जाता है कि साइबर अपराधी चूरामन मंडल चमलिट्टी गांव का रहने वाला है और साइबर घटना को अंजाम देने के बाद वह देर शाम को ससुराल चिकसोरिया आया हुआ था। जिसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

