डुमरी प्रखंड छोटकी बैरगी पंचायत के जंगल में देखा गया 25 हाथियों का झुंड
वन विभाग ने लोगों से की एहतियात बरतने व सहयोग करने की अपील

गिरिडीह। 25 हाथियों का झुंड वर्तमान में गिरिडीह के डुमरी प्रखंड के छोटकी बैरगी (पंचायत बड़की बैरगी) जंगल में भ्रमण कर रहा है। जिससे आस पास के ग्रामीण इलाकों के लोग भयभीत है। हालांकि वन विभाग ने बड़की बैरगी, बेरहा सुईयाडीह, ससारखो, जरीडीह, नागाबाद, खुदीसार एवं जीतकुंडी पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी गांव के ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा है कि शाम के बाद अंधेरा होने पर घर से बाहर न निकलें।
गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल वन प्रमंडल पदाधिकारी ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा है कि अपने आसपास के लोगों को भी सतर्क करें। हाथियों के झुंड के आसपास भीड़ न लगाएं और हल्ला न करें। हाथियों को देखने अथवा उनका वीडियो बनाने के लिए उनके पास जाने का प्रयास न करें। हाथियों के आक्रोशित होने पर वे अचानक दौड़कर हमला कर सकते हैं, जिससे जान-माल का खतरा हो सकता है। दिन के समय हाथियों को नियंत्रित करना संभव नहीं होता है, इसलिए हाथियों के आसपास एकत्रित लोग तत्काल अपने घर वापस चले जाएं।


कहा कि हाथियों की गतिविधियों पर एलिफेंट ड्राइव टीम द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। हाथियों का झुंड जिस दिशा में आगे बढ़ेगा, ग्रामीणों को इसकी सूचना समय-समय पर दी जाएगी। विभाग ने सभी ग्रामीणों से अनुरोध है कि वन विभाग का सहयोग करें और स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

