Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

गिरिडीह में प्राइवेट स्कूल की मनमानी पर बवाल — संत जोसेफ स्कूल का अभिभावकों ने किया घेराव, महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप

फीस वृद्धि, फर्जी चार्ज और प्रबंधन की तानाशाही से नाराज़ अभिभावक सड़कों पर

0 247

एक बार फिर प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा है। पचम्बा स्थित संत जोसेफ स्कूल में गुरुवार को अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

सैकड़ों की संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने स्कूल का घेराव कर दिया और प्रबंधन पर मनमाने तरीके से फीस बढ़ाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के हर साल फीस बढ़ा दी जाती है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।

sawad sansar

फर्जी वसूली का आरोप

अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल हर महीने लाइब्रेरी फीस के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूल रहा है, जबकि स्कूल में लाइब्रेरी की कोई ठोस व्यवस्था तक मौजूद नहीं है। यह सीधे-सीधे अभिभावकों के साथ ठगी है।

प्रिंसिपल पर तानाशाही का आरोप

अभिभावकों का गुस्सा यहीं नहीं रुका। उन्होंने स्कूल के प्रिंसिपल पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे किसी से मिलते तक नहीं हैं। फीस जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात करने के लिए भी अभिभावकों को समय नहीं दिया जाता।

टीसी के लिए भी भटक रहे अभिभावक

स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि कई अभिभावक अब अपने बच्चों का नामांकन इस स्कूल से हटाना चाहते हैं। लेकिन उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने में भी टालमटोल कर रहा है।

मामले की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और अभिभावकों से बातचीत कर स्थिति को समझने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले को शांत कराने में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.