क्राइम बैठक में गिरिडीह एसपी ने की नई पहल, विशेष इन्वेस्टीगेशन सेल का किया गया गठन
अपराध नियंत्रण और गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन में आएगी तेजी

गिरिडीह। जिले में अपराध नियंत्रण और मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण और मामलों के त्वरित कार्रवाई को लेकर एक नई पहल करते हुए जिले में पहली बार विशेष इन्वेस्टीगेशन सेल का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य घटनाओं की गहन, वैज्ञानिक और प्रभावी जांच सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधीक्षक की इस पहल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। नवगठित इन्वेस्टीगेशन सेल को दो भागों में बांटा गया है। पहला सेल गिरिडीह मुख्यालय में कार्य करेगा, जिसमें 7 सदस्यीय टीम तैनात रहेगी। वहीं दूसरा सेल खोरीमहुआ अनुमंडल में बनाया गया है, जहां 5 सदस्यीय टीम कार्यरत रहेगी। टीम जिले में होने वाली किसी भी बड़ी या संवेदनशील घटना में संबंधित थाना पुलिस को सहयोग करेगी और पूरे मामले का प्रोफेशनल तरीके से इन्वेस्टीगेशन करेगी। टीम में एक डीएसपी स्तर के अधिकारी को भी जिम्मेदारी दी गई है, जो जांच की मॉनिटरिंग करते हुए हर पहलू पर नजर रखेंगे।


बैठक में हुई इस नई पहल को लेकर पुलिस विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से मामलों के अनुसंधान में तेजी आएगी, अपराधियों तक पहुंचना आसान होगा और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।

